
बस्ती जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 1:15 बजे अमहट पुल से आगे फुटहिया मोड़ के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन गुप्ता (21), विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू (22) और अखिलेश चौधरी (19) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कोतवाली थाना क्षेत्र के बसिया और बरगदवा गांव के निवासी बताए गए हैं।
इतनी मात्रा में हुई बरामदगी
पुलिस ने आरोपितों के पास से 126.98 ग्राम भूरे रंग का नशीला पाउडर तथा 103 पुड़ियों में पैक 16.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। इसके अलावा 370 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थ की कुल कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में कप्तानगंज थाना तथा 2025 में कोतवाली थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद वह नशीले पदार्थों के कारोबार में सक्रिय था।
आपूर्ति नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और स्मैक की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच जारी है।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
(बस्ती मंडल न्यूज़)
0 टिप्पणियाँ